दिनांक 16फरवरी 2026 उज्जैन शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय, उज्जैन द्वारा इको क्लब प्रभारी डॉ कविता जैन के संयोजन में बी.एससी. तृतीय वर्ष की छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण मध्य प्रदेश शासन द्वारा विक्रमोत्सव के अंतर्गत दशहरा मैदान में आयोजित महाकाल वन मेला 2026 (समृद्ध वन, खुशहाल जीवन) में कराया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बी.एससी. तृतीय वर्ष के पाठ्यक्रम में एथेनोबॉटनी एवं औषधीय पौधों का अध्ययन सम्मिलित है। इस दृष्टि से मेला भ्रमण छात्राओं के लिए पाठ्यवस्तु को सजीव एवं प्रायोगिक रूप में समझने का सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने भ्रमण से पूर्व छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि वन मेले के माध्यम से छात्राएँ प्राकृतिक औषधियों, वन उत्पादों तथा पारंपरिक ज्ञान से प्रत्यक्ष रूप से परिचित हो सकेंगी। मेले में छात्राओं ने पाठ्यक्रम में वर्णित विभिन्न लोक औषधियों, लोक व्यंजनों, वन उत्पादों तथा लोक चिकित्सा पद्धतियों का सजीव अवलोकन किया। महुआ से निर्मित पौष्टिक एवं स्वादिष्ट उत्पादों जैसे महुआ के लड्डू, अचार एवं कुकीज़ के साथ-साथ हर्बल गुलाल, बाँस से निर्मित लैंप, फूलदान, खिलौने एवं सजावटी वस्तुओं के अनेक स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। सामाजिक वानिकी के अंतर्गत विभिन्न जिलों की प्रदर्शनी में बहुमूल्य जड़ी-बूटियाँ, ऑर्गेनिक सब्जियाँ, फल-फूल, मसाले तथा मोटे अनाज जैसे कोदो, कुटकी, रागी, सावा एवं बाजरा आदि प्रदर्शित किए गए। इस शैक्षणिक भ्रमण में डॉ. मीना मोघे, डॉ. भावना नागर एवं डॉ. एकता दूबे के नेतृत्व में महाविद्यालय की 20 छात्राओं ने सहभागिता कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया। महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ. रूपा भावसार ने बताया कि यह भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञान, अनुभव एवं जागरूकता की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।